बीकानेर जिले में मूंग व मूंगफली की सरकारी खरीद शुरू, 43 खरीद केंद्रों पर की गई पुख्ता व्यवस्थाएँ

बीकानेर राजस्थान

बीकानेर जिले में मूंग व मूंगफली की सरकारी खरीद शुरू, 43 खरीद केंद्रों पर की गई पुख्ता व्यवस्थाएँ

दैनिक खबरां,बीकानेर। जिले में इस वर्ष मूंग और मूंगफली की सरकारी खरीद का कार्य 24 नवंबर 2025 से प्रारंभ हो गया है। राजफैड के क्षेत्रीय अधिकारी शिशुपाल सिंह के अनुसार, किसानों को सुविधा और खरीद प्रक्रिया को सुचारु रखने के उद्देश्य से जिले भर में कुल 43 खरीद केंद्र संचालित किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर वारदाना, छाया, पेयजल तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाएँ पहले से ही सुनिश्चित कर दी गई हैं, ताकि किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज की तुलाई करवा सकें।

उन्होंने बताया कि किसानों को तुलाई के लिए निर्धारित तिथि की सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी। कृषकों के लिए यह अनिवार्य रहेगा कि वे संदेश प्राप्त होने के 10 दिनों के भीतर अपनी उपज की तुलाई करवा लें। निर्धारित अवधि बीतने पर संबंधित किसान के लिए खरीद का अवसर स्वतः समाप्त मान लिया जाएगा।

क्षेत्रीय अधिकारी ने कहा कि खरीद केंद्रों पर केवल भारत सरकार द्वारा तय एफएक्यू (FAQ) गुणवत्ता वाली जिंस ही स्वीकार की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी उपज की उचित सफाई, छनाई और पर्याप्त सुखाई कर ही खरीद केंद्र पर लेकर आएँ, ताकि नमी, अशुद्धि या गुणवत्ता संबंधी किसी प्रकार की समस्या न आए।

किसानों की सुविधा के लिए राजफैड की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-180-6001 जारी की गई है, जिस पर किसान खरीद प्रक्रिया, एसएमएस शेड्यूल, तुलाई या गुणवत्ता मानकों से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।