ग्रामीणों को धमकाने के आरोप में भाजपा नेता के पुत्र सहित कई पर मामला दर्ज
दैनिक खबरां, बीकानेर। छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के बरजू गांव में मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब चार गाड़ियों में सवार होकर आए लोगों ने ग्रामीणों को गंभीर रूप से धमकाया। मामला बढ़ता देख छत्तरगढ़ पुलिस ने भाजपा नेता के पुत्र सहित कई लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
परिवादी कालूराम सांसी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 12 नवंबर को बीकानेर के करणी नगर निवासी भाजपा नेता गुमानसिंह राजपुरोहित का पुत्र अशोक राजपुरोहित, कोहरियों का बास निवासी फरमान कोहरी, रवि पारीक, कस्तूरियां निवासी राजेन्द्र भाट तथा 15–20 अन्य लोग चार वाहनों में सवार होकर बरजू गांव पहुंचे।
आरोप है कि ये लोग पिस्तौल, लाठी, डंडे, कुल्हाड़ी जैसे हथियार लेकर आए थे और कालूराम के घर के पास पहुंचकर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान कालूराम, भानीराम और मगाराम को जातिसूचक गालियां भी दी गईं।
रिपोर्ट के अनुसार, यही समूह इससे पहले भी बरजू से करीब 5 किलोमीटर दूर करणीसर मार्ग पर अवाड़ा कंपनी के सोलर प्लांट के पास ग्रामीणों पर हमला कर चुका है, जिसमें अकबर अली सहित कई लोग घायल हुए थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम दे सकते हैं। छत्तरगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ खाजूवाला अमरजीत चावला को सौंप दी है।

