कालका माताजी मंदिर चोरी कांड का खुलासा, काली बावरिया गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर बीकानेर पुलिस

कालका माताजी मंदिर चोरी कांड का खुलासा, काली बावरिया गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार

दैनिक खबरां,बीकानेर। कालू थाना पुलिस ने कालका माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए काली बावरिया गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश में गठित विशेष टीमों द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार 17 अक्टूबर 2025 को प्रार्थी रमेश कुमार पुत्र गोरीशंकर निवासी कालू ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 16-17 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने कालका माता मंदिर के पीछे की खिड़की तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और वहां से चांदी का छत्र तथा नगदी चोरी कर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी बीकानेर रेंज हेमन्त शर्मा, एसपी बीकानेर कावेन्द्र सागर के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण कैलाश सिंह सांदू व डीएसपी लूणकरनसर नरेन्द्र कुमार पुनिया के सुपरविजन में अलग-अलग टीमें गठित की गईं।

टीमों ने तकनीकी और मानव स्रोतों की सहायता से जांच आगे बढ़ाई तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान करते हुए काली बावरिया गैंग के तीन सदस्यों पूजा उर्फ पूजी, सवीता और जगतसिंह उर्फ दीपक को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी मंदिर की रेकी कर चोरी को अंजाम देने में शामिल थे। पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपीयों में जगतसिंह उर्फ दीपक पुत्र धर्मसिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी नेहरूगढ़ (गामड़ी), तहसील कोसली, जिला रेवाड़ी (हरियाणा),पूजा उर्फ पूजी पुत्री सतवीर, उम्र 22 वर्ष, निवासी चमारो का बास रामुबास बंदड़ो, तहसील तिजारा, जिला अलवर व सवीता पत्नी जगतसिंह उर्फ दीपक, पुत्री रामचन्द्र, उम्र 25 वर्ष, निवासी नेहरूगढ़ (गामड़ी), तहसील कोसली, जिला रेवाड़ी (हरियाणा) आदि है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
कालू थानाधिकारी भोलाराम के नेतृत्व में टीम में धर्मवीर उनि, पवन कुमार, सुनील कुमार, राजवीर, सुन्दर लाल, महावीर, चयनराम, अनिल कुमार, राजेंद्र, ललित, राजेश (थाना महाजन), विरेंद्र कालेर (थाना लूणकरनसर) एवं किरण शामिल रहे।