फर्नीचर व्यापारी से मिर्ची पाउडर डालकर लूट, पंजाब के दो बदमाश बापर्दा गिरफ्तार
दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर संभाग से बड़ी खबर सामने आई है। जंहा संभाग के श्रीगंगानगर में चैताली एनक्लेव के पास फर्नीचर व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले दो युवक हैं, जिन्हें पुलिस ने बापर्दा गिरफ्तार किया है। वारदात के दौरान व्यापारी की मदद के लिए आए दो युवकों पर आरोपियों ने चाकू से हमला भी किया था।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
सदर थाना अधिकारी सुभाषचंद्र के अनुसार, 7 नवंबर को शाम करीब 6:50 बजे व्यापारी गुरसिमरन गोयल (30) अपने मनन फर्नीचर शोरूम से इलेक्ट्रिक स्कूटी पर घर लौट रहे थे। बैग में 4 लाख रुपये की कलेक्शन, एक लैपटॉप और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।
घर से करीब 300 मीटर पहले चैताली एनक्लेव स्थित पार्क के पास बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी रुकवाई और बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गुरसिमरन की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। आंखों में तेज जलन के बीच व्यापारी ने शोर मचाया तो पीछे से आ रहे दो युवकों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की।
इस पर आरोपियों ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया और बैग लेकर फरार हो गए। घायल युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीसीटीवी से मिला सुराग, पंजाब में दबिश
वारदात के बाद शहर में नाकाबंदी की गई, लेकिन आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गए। पुलिस ने स्पेशल टीम बनाकर 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लोकेशन ट्रेस की। इसके आधार पर टीम ने अमृतसर और लुधियाना में दबिश देकर दोनों बदमाशों को डिटेन किया।
नशे के आदि, लूट से पूरी करते थे खर्च
पकड़े गए दोनों आरोपी श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले हैं और नशे के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार नशे की लत पूरी करने के लिए वे लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है, जिसमें और मामलों के खुलासे की संभावना है।

