3 करोड़ के नकली नोटों संग पकड़ी गई हरियाणा की ‘टटलू गैंग’, बीकानेर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर रेंज पुलिस ने त्योहारी सीजन से ठीक पहले 3 करोड़ रुपए के नकली नोटों के साथ हरियाणा की कुख्यात ‘टटलू गैंग’ का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गैंग के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो लग्जरी कारें और दो लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई आज शुक्रवार को आईजी बीकानेर के निर्देश पर चूरू एजीटीएफ और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-52 पर आदित्य होटल के पास की। गिरफ्तार सभी आरोपी हरियाणा के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं।
कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया ने बताया कि यह खुलासा चूरू के वार्ड 47 निवासी हरिराम की शिकायत के बाद हुआ। हरिराम ने रिपोर्ट दी थी कि दीपावली के लिए वह अपने दोस्त से 50 हजार रुपए की गड्डी लाया था। तभी कुछ लोगों ने उसे 50 हजार के बदले 10 लाख रुपए देने का झांसा दिया। हाईवे पर ले जाकर आरोपियों ने उससे पैसे ठग लिए और सफेद कागजों की नकली गड्डियां थमा दीं। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जय यादव ने विशेष टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने होटल के पास दबिश देकर गिरोह के सातों बदमाशों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान राजवीर वाल्मीकि (55), संजय सुनार (38), संजय वाल्मीकि (34), अशोक वाल्मीकि (36), रोबिनसिंह वाल्मीकि (38), अनिल वाल्मीकि और अनिल (38) के रूप में हुई है। सभी आरोपी हरियाणा के फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल और जिंद जिलों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों से करीब दो लाख रुपए नकद, ठगी के 50 हजार रुपए, तीन करोड़ के नकली नोट, पैकिंग सामग्री और दो लग्जरी कारें जब्त की हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी असली नोटों के ऊपर-नीचे नकली नोट रखकर गड्डियां तैयार करते थे। इसके बाद वे लोगों को कई गुना मुनाफे का लालच देकर ठगी करते थे। त्योहारी सीजन में ये आरोपी नकली नोटों की बड़ी खेप बाजार में उतारने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उनकी साजिश नाकाम कर दी।

