आज रात विद्वानों की बैठक में तय होगी पुष्करणा सावे की तिथि
दैनिक खबरां,बीकानेर। पुष्करणा समाज का पारंपरिक सामूहिक सावा, जो हर दो वर्षों में आयोजित होता है, उसकी तिथि निर्धारण की प्रक्रिया विजयदशमी पर होगी। यह कार्यक्रम गुरुवार रात 8ः30 बजे व्यास पार्क जस्सोलाई तलाई स्थित घेरूलालजी शिव मंदिर में आरंभ होगा।
सावा समिति के संयोजक नारायण दास व्यास ने बताया कि तिथि निर्धारण हेतु शहर के प्रमुख विद्वानों, कर्मकांडियों, ज्योतिषाचार्यों एवं पंचांग निर्माताओं को आमंत्रित किया गया है। सभी विद्वान विभिन्न मतों पर चर्चा कर शुद्ध तिथि पर सर्वसम्मति से निर्णय करेंगे।
समिति अध्यक्ष मक्खन लाल व्यास ने बताया कि सामूहिक सावे की अंतिम घोषणा धनतेरस पर मानेश्वर महादेव मंदिर में राजकीय परंपरा के साथ की जाएगी। इस अवसर पर बालक-बालिकाओं के पाणिग्रहण संस्कार और बालकों के यज्ञोपवीत संस्कार हेतु भी शास्त्रार्थ कर कार्यक्रम तय होगा।
सावा समिति द्वारा इस आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए संचालन समिति का गठन किया गया है। इसमें श्रीकांत व्यास, शिव कुमार व्यास, सुरेंद्र व्यास, गोपाल व्यास, ब्रजेश्वर लाल व्यास और कानु लाल व्यास शामिल हैं।

