25 दिसंबर को सुशासन दिवस में मनाएगी सरकार, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों पर होंगे कार्यक्रम; जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर पर होंगे आयोजन
जयपुर। राजस्थान सरकार 25 दिसंबर क्रिसमस-डे पर सूबे की सरकार इसे सुशासन दिवस के रूप में मनाएगी। इस मौके पर जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को प्रसारित करने के लिए संगोष्ठी, कविता और अन्य कार्यक्रम करवाए जाएंगे। साथ ही हर जनप्रतिनिधि और सरकारी कर्मचारी को सुशासन व्यवस्था कायम करने की शपथ दिलाई जाएगी।
प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग ने इस कार्यक्रम का शेड्यूल जारी किया है। शेड्यूल के मुताबिक जिला मुख्यालय स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित किया जाएगा। इसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों से संबंधित संगोष्ठी और कविताएं से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में निर्वाचित विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों को बुलाया जाएगा। जिनके साथ ही वहां मौजूद सरकारी कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई जाएगी।
एक सप्ताह चलेगा विशेष सफाई अभियान
इस कार्यक्रम के दौरान 25 दिसंबर से एक विशेष सफाई अभियान भी शुरू किया जाएगा, जिसमें शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए हर वर्ग को जोड़ने और श्रमदान करने के लिए कहा जाएगा। ये अभियान 31 दिसंबर तक चलेगा। इसके साथ ही आमजन के पेंडिंग परिवादों का निस्तारण करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया जाएगा, जो एक सप्ताह तक चलेगा। इस अभियान में ज्यादा से ज्यादा पेंडेंसी निस्तारित की जाएगी। ये सभी कार्यक्रम जिला मुख्यालय के साथ ही हर छोटे-छोटे शहरों में नगर पालिका स्तर पर, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी आयोजित किए जाएंगे।

