बीकानेर में चोरों का आतंक जारी, दो बंद मकानों के ताले तोड़ जेवरात, नकदी व घरेलू सामान पार कर ले गये
बीकानेर। शहर में चोरों का आतंक जारी है। दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में दो घरों में चोरी की वारदात होना सामने आया है। पहला मामला नयाशहर थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में मुरलीधर व्यास कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले गोपाल बोराणा पुत्र कालुराम बोराणा ने मुकदमा दर्ज कराया है। गोपाल बोराणा मूल रूप से नागौर के रहने वाले है। रिपोर्ट में गोपाल बोराणा ने बताया कि 13 नवंबर वह अपने घर नागौर गया था। पिछे उसके किराये के मकान में चोरी हो गई। चोर घर के ताले तोडकऱ घर में रखे सोने-चांदी व नकदी रुपए चोरी कर ले गये। उसका भाई राधेश्याम बोराणा 16 नवंबर की शाम को वापस बीकानेर आया तो देखा कि घर के सभी ताले तिजोरी व संदुक के ताले टूटे हुए मिले। पूरा सामान बिखरा हुआ था। रात में चोरी की सूचना पर वह बीकानेर आया व चोरी हुए सामान का आंकलन किया। जिसमें दो सोने की अंगुठी, दो सोने की महिला की अंगुठी, दो जोड़ी कान के टॉपस, चार कान के लूंग, एक जोड़ी कान की बाली, एक जोड़ी कान की झुमरी, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी की टूटी पायल, तीन चांदी की अंगुठी, 17 चांदी के सिक्के, एक चांदी की चेन, दो जोड़ी चांदी बिछिया और लगभग अस्सी हजार रुपए नकदी गायब है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वहीं, 11 नवंबर की रात को बंगलानगर स्थित एक मकान में चोरी हुई है। इस संबंध में ऊन मंडी के पीछे बंगलानगर निवासी राजूनाथ पुत्र ताजूनाथ ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। परिवादी ने बताया कि अज्ञात चोर घर के ताले तोडकऱ घरेलू सामान चोरी कर ले गये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

