इस थाने में हवालात में बंद हिस्ट्रीशीटर ने किया सुसाइड का प्रयास, दांत से कंबल को फाड़कर बनाया फंदा, बोला- जिंदगी से परेशान हो चुका हूं

जयपुर राजस्थान राज्य

इस थाने में हवालात में बंद हिस्ट्रीशीटर ने किया सुसाइड का प्रयास, दांत से कंबल को फाड़कर बनाया फंदा, बोला- जिंदगी से परेशान हो चुका हूं

जयपुर। जयपुर के सोडाला थाने में हवालात में बंद एक हिस्ट्रीशीटर ने सुसाइड करने की कोशिश की। हिस्ट्रीशीटर ने रात को हवालात में ओढ़ने के लिए दिए कंबल को दांतों से फाड़ा और फंदा बनाकर लगा लिया। इस दौरान एक संतरी ने उसको देखा तो अन्य पुलिसकर्मियों को आवाज लगाई। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उनको बचा लिया। पुलिसकर्मियों के बचाने पर आरोपी बोला- मैंने इतने अपराध किए हैं, जिससे मेरा छुटकारा नहीं होगा। मैं जिदंगी से परेशान हो चुका हूं, इसलिए मरना चाहता हूं। पुलिस ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

सोडाला थाने के ASI भगवान सहाय ने बताया- दीपक बिहारी उर्फ दीपक राय (25) पुत्र ब्रिजलाल निवासी आजाद नगर राकड़ी सोडाला हिस्ट्रीशीटर है। हाईकोर्ट से जारी गिरफ्तारी वारंट पर 3 नवंबर की रात करीब 8 बजे दीपक को उसके घर से हिरासत में लेकर थाने के हवालात में रखा था। रात में ठंड होने के कारण बिछाने और ओढ़ने के लिए कंबल दिया था। रात को दीपक ने कंबल को दांतों से फाड़ लिया और हवालात के सरियों से कंबल का फंदा बनाकर सुसाइड करने की कोशिश की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात संतरी रविन्द्र ने उसको देख लिया और अन्य पुलिसकर्मियों को आवाज लगाई। इस पर थाने में मौजूद साथी पुलिसकर्मियों दौड़कर पहुंचे और दीपक को फंदे से उतारा और हवालात से बाहर निकाला।

मैं जिंदगी से परेशान हो चुका हूं, मरना चाहता हूं
थाने के पुलिसकर्मियों ने दीपक से सुसाइड करने का कारण पूछा तो उसने कहा कि मैंने इतने अपराध किए हैं, जिससे मेरा छुटकारा नहीं होगा। मैं जिंदगी से परेशान हो चुका हूं, इसलिए मरना चाहता हूं। उन्होंने बताया- दीपक बिहारी के खिलाफ सुसाइड का प्रयास करने का मामला दर्ज किया है। दीपक नशे का आदी है।

आरोपी के खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज
ASI भगवान सहाय ने बताया कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर दीपक बिहारी के खिलाफ सोडाला और श्याम नगर में हत्या का प्रयास, लूट, मारपीट, आबकारी और आर्म्स एक्ट के कुल 14 मुकदमे दर्ज है। 3 नवंबर की रात करीब 8 बजे गिरफ्तारी वारंट पर दीपक को थाने के हवालात में बंद किया था।