पानी की किल्ल्त : 25 अप्रैल से 24 मई तक पूर्ण नहरबंदी होगी,जलदाय विभाग की है ये तैयारी..
बीकानेर, दैनिक खबरां। शहर में पूर्ण नहरबंदी के दौरान पानी की किल्लत रहेगी। इसे देखते हुए जलदाय विभाग नए-पुराने 91 शैलो ट्यूबवेल तैयार कर रहा है जिनसे रोजाना 50 हजार लीटर पानी मिलेगा। यह पानी करीब 7 हजार घरों की जरूरत को पूरा करेगा। 26 मार्च से आंशिक नहरबंदी शुरू हो चुकी है जो 24 अप्रैल तक चलेगी और 25 अप्रैल से 24 मई तक पूर्ण नहरबंदी होगी जिसमें राजस्थान को पंजाब से बिल्कुल भी पानी नहीं मिलेगा। पूर्ण नहरबंदी में पानी की किल्लत होगी, टेल एरिया पर बने घरों में रहने वालों को ज्यादा परेशानी उठाने पड़ सकती है।
इसे दूर करने के लिए जलदाय विभाग ने शहर में नए-पुराने 91 शैलो ट्यूबवेल तैयार करने में जुटा है। इनसे तीन हिस्सों में बंटे शहर को रोजाना 50 हजार ली. पानी मिलेगा जो करीब सात हजार घरों में रहने वाले लोगों की प्यास बुझाएगा। इसके लिए 24 में से करीब 20 घंटे ट्यूबवेल चलाने होंगे। सभी शैलो ट्यूबवेल का काम 28 अप्रैल से पहले पूरा करने का टारगेट रखा गया है। पीएचईडी के मुताबिक एक घर में औसतन 5 सदस्य होता हैं और प्रत्येक को रोजाना 150 लीटर पानी चाहिए।
कहां, कितने ट्यूबवेल और रोजाना मिलने वाला पानी
- सिटी फर्स्ट एक्सईएन नफीस अहमद ने बताया कि उनके एरिया में 11 नए और 10 पुराने ट्यूबवैल तैयार किए जा रहे हैं जिनसे रोजाना करीब 30 हजार लीटर पानी मिलेगा। रंगोलाई महादेव मंदिर, बड़ा कब्रिस्तान और जवाहर पार्क में तीन ट्यूबवैल पिछले साल बना दिए थे, लेकिन हैडवर्क्स से नहीं जोड़ा जा सका था। इस बार इन तीनों को हैडवर्क्स से जोड़ दिया है। नए-पुराने ट्यूबवेल से रोजाना 30 हजार लीटर पानी मिलेगा जो बीछवाल, नयाशहर, मुरलीधर, जेल वैल सहित अनेक क्षेत्रों के 4 हजार घरों की जरूरत को पूरा करेगा।
- सिटी सेकंड एक्सईएन विजय कुमार वर्मा ने बताया कि उनके एरिया में 10 नए और 29 पुराने ट्यूबवेल तैयार किए जा रहे हैं। इनसे रोजाना करीब 2 से 3 लाख लीटर पानी मिलेगा जो मुक्ताप्रसाद, नत्थूसर, श्रीरामसर, करमीसर, सुजानदेसर और अन्य क्षेत्रों के करीब 300 से ज्यादा घरों को सप्लाई किया जा सकेगा।
- सिटी एक्सईएन थर्ड मदनलाल मीणा ने बताया कि उनके क्षेत्र में 6 नए और 38 पुराने सहित 44 ट्यूबवेल हो जाएंगे। इनसे सुभाषपुरा, करणी सिंह स्टेडियम, करणी नगर, शार्दुल सदन, टीटी कॉलेज, चौधरी कॉलोनी, पवनपुरी, व्यास कॉलोनी सहित बाहरी एरिया के करीब 2500 घरों में पानी सप्लाई की जा सकेगी।

