गली में तेज गाड़ी भगा रहे युवकों को कुछ कहना पड़ा महंगा, तलवार से काट दिया व्यक्ति के हाथ का पंजा..
दैनिक खबरां नेटवर्क। गाड़ी तेज चलाने पर टोकने ने नाराज सात युवकों ने शहर के इसाईयों का कब्रिस्तान क्षेत्र में एक घर में घुसकर व्यक्ति पर तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में व्यक्ति के दाहिने हाथ का पंजा कट कर अलग हो गया। रातों रात व्यक्ति को एम्स अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में पुलिस ने युवकों के खिलाफ हत्या प्रयास का केस दर्ज किया है। एक आरोपी इसमें लवली कंडार गैंग में भी शामिल रहा है।
शास्त्रीनगर थानाधिकारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि न्यू पावर हाउस रोड पर इसाईयों का कब्रिस्तान में रहने वाले 55 साल के मनोहर सिंह राजपूत पर सोमवार की रात दस बजे घर में घुसकर पांच से सात लोगों ने तलवार से हमला किया। इस हमले के दौरान उसके दाहिने हाथ का पंजा कटकर अलग हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे लोग मनोहर को तुरंत एम्स लेकर गए। बताया जा रहा है कि यहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर पंजे को दोबारा से जोड़ दिया है।
रात को गली में तेज रफ्तार में चलाते थे गाड़ी
थानाधिकारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि गली में ही रहने वाले अजय सरगरा, संदीप सिंह के अलावा आरपीएफ कॉलोनी रातानाडा में रहने वाले सनी, पांचवीं रोड प्रतापनगर सदर के रहने वाले अजय सरगरा एवं डीएस कॉलोनी रोटरी चौराहा निवासी राहुल मीणा आदि ने यह हमला किया था। इन लोगों को रात को गली में गाड़ी चलाने की बात को लेकर मनोहर सिंह ने टोका था। बाद में यह लोग एकत्र होकर आए और तलवार से हमला किया। जिससे मनोहर सिंह के दाहिने हाथ का पंजा कट गया।
एक आरोपी को किया राउंडअप
थानाधिकारी ने बताया कि एक युवक को राउंड अप किया गया है। राहुल मीणा लवली कंडारा गैंग में शामिल रह चुका है। पहले भी प्रकरण सामने आ रखे हैं। घायल मनोहर सिंह उपचाराधीन है। स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। इस बारे में हत्या प्रयास में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

