धमाकों से दहल उठा शहर,4 लोग जिंदा जले,16 गंभीर रूप से घायल,आसपास खड़ी गाड़ियां भी आई चपेट में..

जोधपुर

धमाकों से दहल उठा शहर,4 लोग जिंदा जले,16 गंभीर रूप से घायल,आसपास खड़ी गाड़ियां भी आई चपेट में..

जोधपुर@दैनिक ख़बरां। गैस सिलेंडर में विस्फोट से 4 लोग जिंदा जल गए। 16 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। धमाके से करीब एक किलोमीटर का इलाका दहल उठा। मामला जोधपुर के कीर्ति नगर इलाके का है। कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे आवासीय क्षेत्र कीर्ति नगर में अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग के दौरान गैस लीकेज हुआ था। आस-पास कॉलोनी में खड़ी गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं हैं।

मरने वालों में से 3 बच्चों समेत एक युवक शामिल है। आग की चपेट में आने से नीकू (12), विक्की (15), सुरेश (45) और कोमल (13) की मौत हो गई। नक्ष (11), निरमा (37), शोभा (50), सरोज (30), हरिराम (42), नितेश (14), कंचन (30), राजवीर (5), खुशी (2), पारसराम (25), दिव्यांशु (16), अशोक (33), अनराज (42), सूरज (24) और भोमाराम (60) झुलस गए। एक घायल के नाम की जानकारी नहीं मिल पाई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह मकान कोजाराम लोहार का है। कोजाराम के चार भाई का परिवार इसी घर में रहता है। अस्पताल में भर्ती 16 में से करीब 8 लोग 80 फीसदी तक झुलस गए हैं। यह भी सामने आ रहा है कि कोजाराम का बेटा गैस रिफिलिंग का भी काम करता था। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि हादसा किस वजह से हुआ है। इस घटना के बाद सीएम अशोक गहलोत ने भी ट्वीट करते हुए लिखा-स्थानीय प्रशासन से घटना की पूरी जानकारी ली गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद डीसीपी अमृता दुहन मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घर में अवैध गैस रिफिलिंग का काम चल रहा था। हादसे से पहले परिवार के लोग एक से दूसरे सिलेंडर में गैस ट्रांसफर कर रहे थे। मौके पर फायरमैन के अलावा सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ व नगर निगम की टीम राहत कार्य में जुटी है।