REET केंडिडेट को नकल के लिए दी थी चप्पल,आरोपी तुलसाराम से फिर सख्त पूछताछ, आज फिर अदालत में पेश करेगी पुलिस।
बीकानेर, @dainikkhabraan। REET-21 में चप्पल से नकल कराने वाली गैंग के सरगना तुलसाराम कालेर से कुछ और राज खुल सकते हैं। दस दिन तक गंगाशहर पुलिस की पूछताछ के बाद अब जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस ने पूछताछ शुरू की है। कल से तुलसाराम व्यास कॉलोनी पुलिस की गिरफ्त में है। उसे सोमवार को प्रॉडक्शन वारंट पर लिया गया था।

व्यास कॉलोनी थानाधिकारी महावीर बिश्नोई ने बताया कि नकल करने का प्रयास करते हुए एक युवक के खिलाफ परीक्षा के दिन ही मामला दर्ज किया गया था। अब उसी मामले में तुलसाराम कालेर से पूछताछ की जाएगी। तुलसाराम ने इस युवक से भी छह लाख रुपए में डील की थी और चप्पल तक उपलब्ध करवा दी थी। परीक्षा से पहले गिरफ्तारी होने से नकल तो नहीं हो सकी, लेकिन युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसी युवक की तुलसाराम कालेर से हुई सांठगांठ का पता लगाया जा रहा है।
इन थानों में भी गिरफ्तारी शेष
बीकानेर के गंगाशहर और जयनारायण व्यास कॉलोनी मामले में गिरफ्तारी के बाद अब उसे नागौर, अजमेर सहित कई जिलों में चप्पल से नकल के मामले में पूछताछ की जाएगी। व्यास कॉलोनी पुलिस उसे आज अदालत में पेश करेगी, इसके बाद किसी अन्य थाने से प्रॉडक्शन वारंट पर लिया जा सकता है।
एसओजी भी सक्रिय
चप्पल से नकल मामले में करीब सत्तर लाख रुपए के लेनदेन के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने भी पूछताछ कर दी है। SOG की एक टीम ने पिछले दिनों बीकानेर के लूणकरनसर में तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस बारे में SOG की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है।

