एसीबी ने धर दबोचा: आबकारी थाने के कर्मचारी को पांच हजार रुपए लेते पकड़ा…..

गंगानगर पुलिस कार्रवाई बीकानेर राजस्थान श्रीगंगानगर हनुमानगढ

मंथली मांगी, श्रीगंगानगर एसीबी ने धर दबोचा: हनुमानगढ़ के आबकारी थाने का कर्मचारी मांग रहा था रुपए, पांच हजार रुपए लेते पकड़ा

श्रीगंगानगर/हनुमानगढ़, @dainikkhabraan। शराब ठेका चलाने और अवैध ब्रांच चालू करने की एवज में दो हजार रुपए मंथली मांगने पर श्रीगंगानगर एसीबी ने हनुमानगढ़ के आबकारी थाने के एक कर्मचारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

यह कर्मचारी दो हजार रुपए प्रतिमाह के हिसाब से मंथली मांग रहा था। एसीबी में सत्यापन करवाया तो डेढ हजार रुपए प्रतिमाह लेना तय हो गया।

चार माह के लिए छह हजार रुपए लेने का तय होने पर सत्यापन के वक्त आरोपी को एक हजार रुपए दिए गए। मंगलवार काे श्रीगंगानगर एसीबी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पांच हजार रुपए लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

परिवादी हेतराम को हनुमानगढ़ के आबकारी विभाग से वर्ष 2021-22 के लिए गांव लिखमीसर में शराब की कंपोजिट दुकान आवंटित हुई थी। इस दुकान का संचालन परिवादी और उसका दोस्त राकेश आजाद करते है।

आबकारी थाना हनुमानगढ़ का कर्मचारी होशियारसिंह ठेका चलाने और अवैध ब्रांच के लिए दो हजार रुपए प्रतिमाह के हिसाब से चार माह की बंधी की मांग कर रहा था। इस पर परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी। डीएसपी भूपेंद्र सोनी की देखरेख में ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई शुरू की।

सत्यापन के दौरान आरोपी होशियारसिंह 1500 रुपए प्रतिमाह लेने पर सहमत हो गया। सत्यापन के समय सोमवार को उसने एक हजार रुपए लिए और शेष पांच हजार रुपए मंगलवार को देना तय हुआ। मंगलवार को परिवादी हेतराम आरोपी होशियारसिंह को रुपए देने के लिए पहुंचा।

इस दौरान एसीबी की टीम भी आसपास रही। आरोपी के मंथली बंधी राशि के पांच हजार रुपए लेते ही एसीबी ने उसे धर दबोचा।

कार्रवाई में डीएसपी वेदप्रकाश लखोटिया, एसीबी टीम के इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार सीला, एएसआई हंसराज शर्मा, संजीव कुमार, भवानीसिंह, आशीष कुमार, सूबेसिंह आदि का सहयोग रहा।