शराब पीते वक्त गिलास में कम डाली, पैक बना छोटा दोस्त ने चाकू मार कर दिया घायल…..

जयपुर पुलिस कार्रवाई

जयपुर, @dainikkhabraan। मामूली बात पर राजधानी में चाकूबाजी में घायल युवक को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पर्चा बयान के आधार पर उसने अपने ही दोस्त पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कराया है। जांच हरमाड़ा पुलिस कर रही हैं। पुलिस ने बताया कि राहुल और हंसराज नाम के दो युवक मूल रूप से झोटवाड़ा स्थित लता सिनेमा सर्किल के नजदीक रहते हैं और वर्तमान में हरमाड़ा थाना क्षेत्र में स्थित एक कंपनी में बेयरिंग बनाने का काम करते हैं।

कल रात करीब दस बजे के बाद राहुल और हंसराज हरमाडा में स्थित गोढों की ढाणी के नजदीक सुनसान में बैठकर शराब पी रहे थे। हंसराज पैग बना रहा था और राहुल को दे रहा था।

हंसराज ने पुलिस को बताया कि उसने गलती से राहुल का पैग अपने से छोटा बना दिया। इसी बात पर विवाद हो गया। उसने मारपीट करने की कोशिश की तो हंसराज वहां से भाग गया। राहुल उसके पीछे दौड़ा और दो बार गाल पर चाकू से वार किए और फिर गले पर वार कर फरार हो गया।

वहां से गुजर रहे रवि नाम के एक युवक ने हंसराज की हालत देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हंसराज को अस्पताल में भर्ती कराया। पूरी रात राहुल की तलाश की जाती रही लेकिन वह पुलिस को नहीं मिला।

गौरतलब है कि इससे पहले जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में रवि सिंधी नाम के एक युवक ने एक अन्य युवक के गले और पेट पर चाकू से वार किया था।

युवक अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है। दो दिन पहले गलता गेट थाना क्षेत्र में भी रुपयों के विवाद को लेकर दो पक्षों में चाकूबाजी हुई थी। इसमें एक युवक की मौत हो गई थी और एक अन्य गंभीर घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।