बीकानेर में चोरों का ख़ौफ़, नकाबपोश चोर आधी रात को मकान में घुसकर ले गया लाखों का सामान
दैनिक खबरां,बीकानेर। कोतवाली थाना क्षेत्र के कोचरों के चौक में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी को अंजाम दिया। मकान के ग्राउंड फ्लोर का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये की नकदी और सोने–चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए, जबकि परिवार उसी समय ऊपरी मंजिल पर सो रहा था।
जानकारी के अनुसार, किराना व्यवसाय से जुड़े विमल कोचर अपने परिवार के साथ रोजाना की तरह रात को सो गए थे। करीब 2:30 बजे के आसपास चोर घर के मेन गेट की कुंडी तोड़कर अंदर घुसा और सीढ़ियों से ऊपर पहुंचकर उस कमरे में दाखिल हुआ जहां अलमारी व तिजोरी रखी हुई थी। मौका पाकर उसने तिजोरी में रखी नकदी और जेवरात निकाल लिए।
सुबह जगने पर विमल कोचर के बड़े भाई ज्ञानचंद कोचर ने मुख्य दरवाजे का टूटा ताला देखा तो पूरी घटना का पता चला। कमरे की जांच में पाया गया कि तिजोरी व अलमारी से लाखों रुपये और गहने गायब हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी का माल भारी कीमत का हो सकता है।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में रात के समय एक नकाबपोश व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में दिखाई दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घर से साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित ने थाने में लिखित रिपोर्ट दे दी है। पुलिस टीम चोरी की इस वारदात को सुलझाने के लिए आसपास के इलाकों में भी सुराग तलाश कर रही है।

