
गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति का सैलाब, करणी सिंह स्टेडियम में हुआ जिला स्तरीय मुख्य समारोह
Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। देश का 77वां गणतंत्र दिवस बीकानेर में पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह राजकीय डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गूंज उठा, जिससे पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया।
मुख्य अतिथि गोदारा ने खुली जीप में सवार होकर पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्चपास्ट का निरीक्षण किया। परेड में राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, यातायात पुलिस, सिविल डिफेंस, एनसीसी, स्काउट-गाइड सहित विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासन और समर्पण का परिचय देते हुए सलामी दी। मार्चपास्ट ने दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया और प्रदेश व जिले की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने संविधान निर्माताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
इसके पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, लोकनृत्य और प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता का सुंदर संदेश दिया। कार्यक्रमों पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, शिक्षकों और समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, स्कूली विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित एवं गरिमामय रहा, वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही।

