कड़ाके की ठंड का असर: बीकानेर में स्कूल समय बदला, कक्षा 12 तक जारी हुआ नया आदेश..
दैनिक खबरां,बीकानेर। जिले में लगातार जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने आदेश जारी कर बीकानेर जिले में कक्षा 12वीं तक के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों (प्राथमिक, माध्यमिक, मदरसे) के शैक्षणिक समय में परिवर्तन किया है।
जारी आदेश के अनुसार अब सभी स्कूलों का शिक्षण समय प्रातः 10.00 बजे से सायं 04.00 बजे तक रहेगा। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 02.00 बजे तक किया जाएगा। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित विभाग एवं संस्थान इस आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित करेंगे। आदेश की अवहेलना करने वाले राजकीय अथवा गैर-राजकीय विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं मदरसों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कलेक्टर के इस निर्णय से ठंड के चलते सुबह- सुबह स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को बड़ी राहत मिली है। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है।

