नयाशहर पुलिस ने 12 घंटे में खोल दी बड़ी चोरी की गुत्थी,तीन गिरफ्तार,पकड़े गए सभी शातिर बदमाश, कई थानों की हिटलिस्ट में..
दैनिक खबरां, बीकानेर। नयाशहर थाना पुलिस ने बेहतरीन कार्य करते हुए बंद मकान में हुई बड़ी चोरी की वारदात का मात्र 12 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो और शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ में शहर सहित अन्य इलाकों की चोरियों का भी खुलासा होने की उम्मीद है। इससे पहले शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस नें इस मामले में अब तक तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। नयाशहर पुलिस की यह आक्रामक कार्रवाई आमजन में राहत की खबर है क्योंकि बीकानेर में बीते दिनों से चोरों के हौसले बुलंद है और वे नित नई वारदातों को अंजाम दे रहें थे। इस कार्रवाई के बाद चोरों में पुलिस की दहशत जाग पड़ी है। बता दें, पुलिस नें इस चोरी का माल बरामद कर लिया है।
यह था चोरी का मामला..
मुरलीधर व्यास कॉलोनी निवासी अशोक कुमार पुरोहित ने रिपोर्ट दी थी कि 2 अक्टूबर की रात परिवार के नए घर पर कार्यक्रम के चलते पुराना मकान खाली था। देर रात मोबाइल कैमरे में देखा गया कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ है और ताले टूटे हुए हैं। जब घर पहुंचे तो पाया कि अलमारी के ताले टूटे हुए थे और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने, नकदी और मोबाइल फोन चोरी हो चुके थे।
रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर थानाधिकारी सुश्री कविता पुनिया के नेतृत्व में टीम गठित की। आईजी हेमंत शर्मा, एसपी कावेन्द्र सिंह सागर, एएसपी सिटी सौरभ तिवाड़ी और सीओ नगर श्रवणदास संत के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की।
तीन शातिर चोर की पहचान
पुलिस ने अब श्यामसुन्दर पुत्र श्रवण कुमार बिश्नोई (22) तथा सुभाष पुत्र राजाराम बिश्नोई (27) — दोनों निवासी जंभेश्वर नगर, को गिरफ्तार किया है। जबकि कैलाश उर्फ केलीया पुत्र श्रवण कुमार बिश्नोई (24) को पुलिस ने कल शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया था।
तीनों चोर नयाशहर थाना क्षेत्र निवासी
तीनों आरोपी नयाशहर थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं और इनके खिलाफ नयाशहर, मुक्ताप्रसाद नगर, बीछवाल व गंगाशहर थानों में चोरी, नकबजनी, लूट और मारपीट जैसे कई मामले लंबित हैं। पूछताछ में आरोपियों ने शहर और आसपास के इलाकों में कई चोरियों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। थानाधिकारी कविता पुनिया नें बताया मामले में आगे की जांच जारी है।

