युवक की पिटाई पर दो समुदायों में टकराव, आक्रोशित भीड़ ने दुकानों को फूंका….

देश पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

युवक की पिटाई पर दो समुदायों में टकराव, गंगधार कस्बे में आक्रोशित भीड़ ने दुकानों को फूंका

झालावाड़, @dainikkhabraan। कोटा संभाग के झालावाड़ जिले के गंगधार कस्बे में एक युवक से आपसी विवाद में समुदाय विशेष के लोगों द्वारा मारपीट करने के बाद तनाव फैल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। सूचना मिलने पर गंगधार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे पुलिस की गाड़ी के शीशे टूट गए और पत्रकार सहित तीन पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। बाद में आक्रोशित भीड़ ने कई दुकानों में जमकर तोड़फोड़ कर उनको फूंक डाला। फिलहाल हालात काबू में बताए जा रहे हैं।

पुलिस उपाधीक्षक बृजमोहन मीना ने बताया कि सोमवार को गंगधार थाना क्षेत्र के तलावली गांव निवासी युवक जितेंद्र सिंह के साथ समुदाय विशेष के कुछ युवकों ने मारपीट की थीं।

इसी बात को लेकर कुछ धार्मिक संगठनों के दर्जनों युवकों की भीड़ मौके पर इकट्ठा होकर हंगामा और नारेबाजी करने लगी। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक के साथ मारपीट करने वाले तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। उन्‍होंने आगे बताया कि इसी घटना को लेकर बाद में कस्बे में देर शाम को तनाव की स्थिति बन गई। हालात पर काबू पाने के लिए आसपास के पुलिस थानों व जिला मुख्यालय झालावाड़ से भी अतिरिक्त पुलिस बल मौके के लिए रवाना किया गया, लेकिन तब तक कस्बे में आक्रोशित युवकों की भीड़ बेकाबू हो गई और उन्होंने कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया।

इस दौरान कई स्थानों पर मौजूद पुलिस जाब्ता भी भीड़ के आगे बेबस नजर आया। बाद में झालावाड़ से एसपी डॉ. किरण सिद्दू और एएसपी राजेश यादव भी अतिरिक्त पुलिस बल लेकर गंगधार पहुंचे। इसके साथ ही आसपास के कई पुलिस थानों का जाब्ता भी गंगधार कस्बे पहुंचा। उसके बाद देर रात तक पुलिस ने हालात पर काबू पाया। फिलहाल गंगधार और चौमेहला कस्बों में भारी पुलिस जाब्ता तैनात है। आला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।