भाजपा की पहली लिस्ट के बाद छलका वरिष्ठ नेता का दर्द, बोले… इसलिए चुप रहते हैं
जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को लोकसभा की 25 सीटों में से 15 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। टिकटों की घोषणा होने के बाद जोधपुर से पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह बिश्नोई की पीड़ा उजागर हो गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बंया किया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा ‘कौन सुनेगा, किसको सुनाएं। इसलिए चुप रहते हैं, हमसे अपने ना रूठ जाएं, इसलिए चुप रहते हैं’।
इसके बाद एक पोस्ट करते हुए लिखा कि मैंने फैसला किया है कि अब मैं एक पोस्ट चुनाव की घोषणा के बाद लिखूंगा, उसके बाद भविष्य में किसी प्रकार की पोस्ट नहीं लिखूंगा। गौरतलब है कि टिकट के दावेदारों में पूर्व सांसद भी एक प्रमुख चेहरा थे और उनके इस ट्वीट को इसी से जोड़ कर देखा जा रहा है। इससे पहले शनिवार सुबह भी उन्होंने अपने एक्स हैंडल से कई शायरियां पोस्ट की थी। बिश्नोई इससे पहले 1999 से 2009 तक जोधपुर के सांसद रहे हैं।
राहुल कस्वां बोले- ‘सभी संयम रखे…’
चूरू से वर्तमान सांसद राहुल कस्वां का टिकट काटकर देवेंद्र झाझड़िया को दे दिया गया है। जिसके बाद राहुल कस्वां ने एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘राम-राम मेरे चूरू लोकसभा परिवार! लेकर विश्वास-पाकर आपका साथ, देकर हर संकट को मात, ध्येय मार्ग पर बढ़ते जाएंगे, उत्थानों के शिखर चढ़ते जाएंगे। उन्होंने आगे लिखा कि ‘आप सभी संयम रखें। आगामी कुछ दिन बाद आपके बीच उपस्थित रहूंगा, जिसकी सूचना आपको दे दी जाएगी।’

