मुख्यमंत्री बोले-हर 6 महीने में अपने काम का जवाब देंगे, कहा- गहलोत सरकार के विधानसभा में किए वादों को भी निकलवा रहा हूं

जयपुर राजस्थान राज्य

मुख्यमंत्री बोले-हर 6 महीने में अपने काम का जवाब देंगे, कहा- गहलोत सरकार के विधानसभा में किए वादों को भी निकलवा रहा हूं

जयपुर। लोकसभा चुनावों से पहले राजस्थान कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने रविवार को भाजपा जॉइन कर ली। प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की मौजूदगी में 2 पूर्व मंत्रियों सहित आधा दर्जन से अधिक नेता बीजेपी में शामिल हुए।

इनमें गहलोत के करीबी और पूर्व कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, पूर्व गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव, नागौर के कद्दावर जाट नेता और पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा, विजयपाल मिर्धा भी शामिल हैं।

पायलट के करीबी माने जाने वाले पूर्व सांसद खिलाड़ी लाल बैरवा भी इस लिस्ट में हैं। भाजपा में आज 25 लोग शामिल हुए हैं। इनमें रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट्स भी हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार हर 6 महीने में जनता को अपने काम का जवाब देगी। उन्होंने अशोक गहलोत को चुनौती देते हुए कहा कि वे बताएं उन्होंने कितने वादे पूरे किए।

प्रदेश सरकार हर 6 महीने में देगी हिसाब- सीएम
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा जिन्होंने आज पार्टी जॉइन की हैं। मैं उन सभी का स्वागत करता हूं। आप सभी के आने से पार्टी को गति मिलेगी। सीएम ने कहा कि 2014 से पहले जो पार्टी पंचायत से लेकर देश पर राज करती थी। जनता उन पर विश्वास करती थी, लेकिन ये लोग बार-बार जनता के बीच जाकर बार-बार जनता को धोखा देते थे।

भजनलाल ने कहा कि प्रदेश की सरकार हर 6 महीने में जनता को अपने काम का हिसाब देगी। पीएम मोदी कहते हैं कि जनता को अपने काम का हिसाब दीजिए। इसी क्रम में हम हर 6 माह में जनता को अपने काम का हिसाब देंगे। सीएम ने कहा कि गहलोत सरकार के विधानसभा में किए वादों को भी निकलवा रहा हूं। मैं अशोक गहलोत को चुनौती देना चाहता हूं कि वे बताएं कि उन्होंने कितने वादे पूरे किए। हमने ईआरसीपी और यमुना समझौता किया है। मैं आलू से सोना निकालने की बात तो नहीं करता, लेकिन एक चीज कह सकता हूं कि पानी आने के बाद राजस्थान की धरती सोना उगलेगी।

कांग्रेस ने समाज के लिए कुछ नहीं किया- मिर्धा
रिछपाल मिर्धा ने कहा कि कांग्रेस में पिछले दिनों से ढक्कन लग गया है। कांग्रेस ने हमारे समाज को आज तक कुछ नहीं दिया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी 1999 में हमें आरक्षण दिया, हमें उनका आभार व्यक्त करना चाहिए।

वहीं, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान और जाट के बेटे को उप राष्ट्रपति के पद पर बैठाया, यह बहुत बड़ा अहसान है हम पर। तीन गवर्नर भी हैं हमारी जात के। कांग्रेस ने हमें आज तक क्या दिया, यह आप ही बता दीजिए। अब कांग्रेस की भट्टी बुझ गई है। विधानसभा में भी हमारी बात दीया कुमारी से हुई थी, लेकिन हम तब बीजेपी जॉइन नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस में कोई नेता ही नहीं बचा है।