राज्य स्तरीय परीक्षा निरीक्षण में लापरवाही उजागर, दो कार्मिकों को नोटिस
दैनिक खबरां,बीकानेर। राज्यभर में एक साथ आयोजित हो रही समान परीक्षा की देखरेख को लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पलाना स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेते हुए उन्होंने दो कार्मिकों की लापरवाही पर नाराज़गी जताई।
निरीक्षण में वरिष्ठ अध्यापक अमित कुमार और उप प्राचार्य राजन कुमार बगेरिया परीक्षा कार्य के प्रति उदासीन पाए गए। इस पर निदेशक जाट ने साथ मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक किशन दान चारण को दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बालिका विद्यालय की परीक्षा व्यवस्था संतोषजनक
उसी गांव के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा व्यवस्था बेहतर मिली। निदेशक ने परीक्षा प्रभारियों और संस्था प्रधानों को पूरी गंभीरता से दायित्व निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि परिसर में स्वच्छता और शांत वातावरण बनाए रखा जाए।
उन्होंने विद्यालयों को अनुपस्थित विद्यार्थियों के अभिभावकों से व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क कर उनके अनुपस्थित रहने का कारण जानने तथा आगामी परीक्षा दिवसों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कहा।
नियमित रूप से करते हैं निरीक्षण
सीताराम जाट हाल के दिनों में लगातार स्कूलों और डीएलएड कॉलेजों का निरीक्षण कर रहे हैं। बीकानेर से जयपुर यात्रा के दौरान भी वे अक्सर रास्ते में पड़ने वाले शैक्षणिक संस्थानों का अकस्मात निरीक्षण कर लेते हैं। पिछले महीने मिड-डे-मील व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उन्होंने एक विद्यालय में बच्चों के साथ ज़मीन पर बैठकर भोजन भी किया था।

