कारोबारी से 2 करोड़ की फिरौती मांगी, गैंगस्टर के नाम से विदेशी नंबर से मिली धमकी

राजस्थान

कारोबारी से 2 करोड़ की फिरौती मांगी, गैंगस्टर के नाम से विदेशी नंबर से मिली धमकी

दैनिक खबरां न्यूज़ । प्रदेश में गैंगस्टरों के फिरौती के मामले लगातार सामने आ रहें हैं। जंहा कुचामन-डीडवाना क्षेत्र में व्यापारी रमेश रुलानिया की हत्या के बाद अब एक और कारोबारी से फिरौती मांगी गई है। लाडनूं कस्बे में एक कारोबारी को गैंगस्टर वीरेंद्र चारण के नाम से वॉट्सऐप कॉल और मैसेज के जरिए 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगकर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी विदेशी नंबर (+64220651941) से आई, जिसमें खुद को वीरेंद्र चारण बताने वाले व्यक्ति ने कारोबारी को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

पुलिस के अनुसार, जावा बास निवासी कारोबारी नियाज मोहम्मद खान पुत्र रावत खान ने लाडनूं थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 23 अक्टूबर की शाम नियाज के मोबाइल पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया। अगले दिन 24 अक्टूबर दोपहर 1:02 बजे फिर उसी नंबर से कॉल आया, जो वह उठा नहीं सका। इसके कुछ मिनट बाद 1:07 बजे 27 सेकंड का वॉयस मैसेज आया, जिसमें खुद को वीरेंद्र चारण बताने वाले व्यक्ति ने 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।

नियाज मोहम्मद ने बताया कि धमकी के बाद से वह काफी डरे हुए हैं और घर से बाहर तक नहीं निकल पा रहे। उन्होंने अपने परिजनों और परिचितों के साथ शनिवार को लाडनूं पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। लाडनूं थानाधिकारी महिराम विश्नोई ने बताया कि विदेशी नंबर से कॉल आने और फिरौती मांगने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर टीम की मदद से कॉल की लोकेशन और सोर्स का पता लगाया जा रहा है।

रुलानिया हत्याकांड के बाद दूसरा बड़ा मामला
कुचामन-डीडवाना क्षेत्र में व्यापारी रमेश रुलानिया की हत्या के बाद यह दूसरा बड़ा मामला है, जब किसी कारोबारी से फिरौती मांगी गई है। इससे पहले चितावा थाना क्षेत्र के एक शराब ठेकेदार को भी धमकी भरा कॉल आया था, जिसकी जांच पुलिस अभी कर रही है। लगातार धमकी और फिरौती के मामलों से व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है।