सुप्रीम कोर्ट में CJI पर वकील ने किया जूता फेंकने का प्रयास
नई दिल्ली। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में एक वकील ने चीफ जस्टिस ऑफ़ इंडिया (CJI) बी.आर. गवई पर जूता फेंकने का प्रयास किया। यह घटना उस समय हुई जब CJI की बेंच एक मामले की सुनवाई कर रही थी।
मिडिया रिपोर्ट के मुताबिक जानकारी सामने आई है कि कोर्ट रूम में मौजूद वकीलों के अनुसार, वकील ने CJI की ओर जूता फेंका, लेकिन वह उनकी बेंच तक नहीं पहुँच सका। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे काबू कर लिया। बाहर जाते समय आरोपी वकील ने नारे लगाए: “सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।”
इस घटना के बाद CJI गवई ने अदालत में मौजूद वकीलों से कहा कि वे अपनी दलीलें जारी रखें और इससे परेशान न हों। उन्होंने कहा, “मैं भी परेशान नहीं हूँ, इन चीजों से मुझे फर्क नहीं पड़ता।”
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी वकील का नाम राकेश किशोर है। उन्होंने 2011 में सुप्रीम कोर्ट बार में पंजीकरण कराया था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह CJI गवई की मध्य प्रदेश के खजुराहो में भगवान विष्णु की 7 फुट ऊंची, सिर कटी मूर्ति की पुनर्स्थापना पर की गई टिप्पणियों से नाराज था।
दरअसल, CJI ने 16 सितंबर को इस खंडित मूर्ति की बहाली की मांग वाली याचिका खारिज करते हुए कहा था, “जाओ और भगवान से खुद करने को कहो। तुम कहते हो भगवान विष्णु के कट्टर भक्त हो, जाओ उनसे प्रार्थना करो।”

