देर रात भीषण हादसा: दो ट्रकों के बीच बुरी तरह चिपकी कार, दो महिलाओं सहित तीन घायल
दैनिक खबरां,बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ के सातलेरा गांव के पास देर रात एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक कार दो ट्रकों के बीच फंस गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। जानकारी के अनुसार, आगे चल रहे ट्रक के अचानक रुकने से कार भी रुक गई। इसी दौरान पीछे से आते हुए ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दोनों ट्रकों के बीच फंस गई। घायलों को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु करवाया।

