त्योहारों से पहले केंद्र का तोहफ़ा: महंगाई भत्ते में 3% बढ़ोतरी, गेहूं का एमएसपी भी बढ़ा, ऐसे समझे लाभ..

देश

त्योहारों से पहले केंद्र का तोहफ़ा: महंगाई भत्ते में 3% बढ़ोतरी, गेहूं का एमएसपी भी बढ़ा

दैनिक खबरां,नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस फैसले से 49.2 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 68.7 लाख पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही डीए/डीआर की दर मूल वेतन और पेंशन के 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि जुलाई, अगस्त और सितंबर का बकाया दिवाली से पहले अक्टूबर के वेतन के साथ दिया जाएगा।

राजकोष पर 10 हजार करोड़ से ज्यादा का भार
डीए-डीआर बढ़ोतरी से राजकोष पर सालाना लगभग 10,083.96 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। यह बढ़ोतरी 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित फार्मूले के अनुसार की गई है।

कर्मचारियों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ

👉30,000 रुपये मूल वेतन वाले कर्मचारी को हर महीने 900 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।

👉40,000 रुपये मूल वेतन वाले कर्मचारी को हर महीने 1,200 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।

👉तीन महीनों के बकाये के रूप में कर्मचारियों को 2,700 से 3,600 रुपये तक मिलेंगे।

गेहूं का एमएसपी भी बढ़ा
कैबिनेट ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 160 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 2,585 रुपये प्रति क्विंटल करने का भी निर्णय लिया है। त्योहारों से पहले सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।