दुःखद खबर: इस बड़े नेता की रैली में मची भगदड़,36 की मौत, राष्ट्रपति मुर्मू नें जताया दुःख,गृह मंत्रालय नें मांगी रिपोर्ट..
दैनिक खबरां। तमिलनाडु के करूर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जंहा करूर में तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख और अभिनेता विजय की रैली में भगदड़ मच गई। रैली में भगदड़ से 36 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में आठ बच्चे, 16 महिलाएं शामिल हैं। करूर के अस्पतालों में अफरातफरी मच गई है। पुलिस ने रैली में पहुंची भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। मंत्री, शीर्ष अधिकारी, पुलिस अधिकारी करूर पहुंच गए हैं। सीएम एमके स्टालिन ने घटना को लेकर चिंता जाहिर की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि तमिलनाडु के करूर जिले में भगदड़ जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लोगों की दुखद मृत्यु के बारे में जानकर दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। वंही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और राज्यपाल से बात कर राज्य में मची भगदड़ के बाद की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ज़रूरत पड़ने पर केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
इससे पहले तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और डीएमके नेता वी सेंथिल बालाजी करूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि अब तक भगदड़ में 31 लोगों की मौत हो चुकी है और 58 लोगों को भर्ती कराया गया है। भगदड़ की घटना के बाद सीएम ने तुरंत पूछताछ की और जिला कलेक्टर, एसपी और मुझे अस्पताल पहुंचने का आदेश दिया। हमें अतिरिक्त डॉक्टरों को बुलाने और उचित इलाज करने की सलाह दी। कल मुख्यमंत्री खुद यहां आने वाले हैं। अभी तक 46 लोग निजी अस्पताल में हैं, और 12 लोग इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं।
करूर में रैली के दौरान टीवीके अध्यक्ष के प्रचार वाहन को भारी भीड़ के चलते रोक दिया गया। हालात बेकाबू होते देख विजय को कुछ समय के लिए अपना भाषण रोकना पड़ा। उन्होंने कहा कि पुलिस कृपया मदद करे। भगदड़ के कारण कुछ कार्यकर्ता बेहोश हो गए। दो एंबुलेंस पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर गईं। इस बीच रैली में विजय ने कार्यकर्ताओं को पानी की बोतलें दीं। इसके बाद हालात बिगड़ते गए। अस्पतालों में पहुंचे कई बेहोश लोगों की मौत हो गई। सूचना पर अस्पताल पहुंचे बेहोश लोगों के परिजन फूट-फूटकर रोने लगे।
सीएम एमके स्टालिन ने कहा कि विजय की रैली में भगदड़ जैसी स्थिति और कई लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिली। करूर प्रशासन से मिली जानकारी चिंताजनक है। स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम और जिला कलेक्टर को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। मंत्री अंबिल महेश को भी मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम स्टालिन ने कहा कि उन्होंने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को करूर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। सीएम स्टालिन ने करूर में आम जनता से डॉक्टरों और पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की।

