बीकानेर: पालने में सो रही 2 माह की बच्ची पर आवारा कुत्तों ने बोला हमला,पड़ोसी पहुंचे तो कुत्ता मुंह में दबा ले गया मासूम..
बीकानेर। बीकानेर में दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जंहा 2 माह की मासूम बच्ची के ऊपर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो एक कुत्ता उसे मुंह में दबा कर भाग गया। लोगों ने पीछा कर मासूम को उसके चंगुल से छुड़ा लिया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। मामला बीकानेर के रिडमलसर का बुधवार दोपहर का है। जानकारी के अनुसार, रिडमलसर से बदरासर के बीच एक मजदूर कोजूराम का परिवार रहता है। ये लोग यही सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर रहते हैं। बुधवार को दोपहर कोजूराम मजदूरी करने गया था। उसकी पत्नी भी दूध लेने चली गई। मासूम को झोपड़ी में ही पालने में सुलाया हुआ था। इसी दौरान सड़क पर घूम रहे आवारा कुत्ते झोपड़ी में घुस गए।
बच्ची रोई तो आस-पड़ोस के लोग यहां पहुंचे तो देखा कुत्ते बच्ची पर हमला कर रहे थे। फिर एक कुत्ता उसे लेकर भाग गया। बच्ची के चेहरे और पेट को कुत्तों ने नोंच डाला था। इसके बाद परिजन उसे लेकर पीबीएम अस्पताल पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहले भी कुत्तों ने मासूमों को बनाया शिकार
बीकानेर में ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। बीकानेर के सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के पास मजदूर परिवार के ही एक बच्चे को आवारा कुत्ते उठाकर ले गए और नोंच लिया। इसके अलावा सदर थाना इलाके में स्थित आर्मी एरिया में कुछ महीने पहले ही आवारा कुत्तों ने बच्चे पर हमला बोल दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, पांचू थाना क्षेत्र में के आंगन में खेल रही बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया था।

