बीकानेर से खबर/फोन-पे से रिचार्ज करवाना पड़ा महंगा, ठगों ने बैंक खाते से निकाले एक लाख 26 हजार

बीकानेर

बीकानेर से खबर/फोन-पे से रिचार्ज करवाना पड़ा महंगा, ठगों ने बैंक खाते से निकाले एक लाख 26 हजार

बीकानेर@दैनिक खबरां। जिले के सदर थाना क्षेत्र में मोबाइल रिचार्ज करवाने के चक्कर में बीकानेर पुलिस के जवान को लगभग सवा लाख रुपए का चूना लग गया । अब सदर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है । पीबीएम अस्पताल की पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल जगदीश मेघवाल ने 521 रुपए का रिचार्ज अपने फोन पे से करवाया था ।

रिचार्ज नहीं होने पर उसने जीओ कस्टमर केयर पर बात की । जहां बताया गया कि उनके पास रुपए आए ही नहीं है , इसलिए जिस माध्यम से रिचार्ज करवाया था , उसी से बात करें । इस पर जगदीश ने सर्च करके फोन पे कस्टमर केयर के नंबर ले लिए । ये फेक नंबर थे , जो गूगल सर्च में भी आसानी से मिलते हैं । जगदीश ने इस नंबर पर फोन करके सारी जानकारी दी ।

इस पर जगदीश को अल्पेमिक्ष एप्प डाउनलोड करने के लिए कहा गया । इस एप्प के माध्यम से रुपए वापस आना बताया गया । जगदीश ने एप्प डाउनलोड कर लिया और रुपए आने का इंतजार करता रहा । इसके उलट इस एप्प के माध्यम से ठग ने एक लाख 26 हजार रुपए निकाल लिए । रुपए निकलने का मैसेज आया तो घबराए हुए सिपाही ने बैंक से संपर्क किया । वहां से रुपए निकल चुके थे । बाद में साइबर टीम को जानकारी दी । तब तक एक से दूसरे बैंक में ही ठग रुपए ट्रांसफर कर चुका था ।