मां ने रुपयों के लालच में अपनी बेटी को दो बार बेचा,तीसरी बार बेचने की कोशिश के बीच बेटी ने पुलिस में की शिकायत…

चुरू

चुरू,@दैनिक आबरा। युवती ने अपनी मां पर रूपयो के लिए दो बार बेचने और तीसरी बार बेचने की कोशिश का मुकदमा दर्ज करवाया है। पीडि़ता ने बताया कि उसकी मां और पिता के अनबन होने के कारण उसकी मां उसे जयपुर लेकर आ गयी। जहां पर वो किराये के मकान में रहने लगे।

इसी दौरान पैसे के लिए उसकी माँ ने उसे दो बार बेच दिया और दोनो बार लोगों ने उसके साथ शारीरिक सम्बंध बनाए। पीडि़ता ने बताया कि वर्ष 2019 में मां ने मदरापुर के हेमंत शर्मा से मिलकर चाकसू के योगराज शर्मा से रुपए लेकर उसकी शादी करवा दी। योगराज ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मां ने योगराज के परिवार से और रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर उसकी मां उसको वहां से अपने साथ ले आई। इसके बाद मां उसे और उसकी बहनों को लेकर श्रीडूंगरगढ़, बीकानेर के पास आ गई।

जहां पर छोटूलाल उर्फ अमरचंद से मिलकर चूरू के वासुदेव शर्मा से रुपए लेकर उसकी शादी करवा दी। यहां पर भी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया गया। इसके बाद उसकी मां वासुदेव के परिजनों से और रुपए की मांग करने लगी। रुपए नहीं देने पर उसकी मां उसे चूरू ले आई और कागजात तैयार करवाकर उसके हस्ताक्षर करवा दिए। अब उसकी मां उसे किसी और को बेचना चाहती है। रिपोर्ट में लिखा गया कि वह अपनी मां के साथ नहीं जाना चाहती। पुलिस ने युवती की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।