झारखंड के लातेहार जिले में डूबने से सात बच्चियों की मौत हो गई है. जिले में विश्वकर्मा विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से 7 बच्चों की मौत हुई है. घटना बालूमाथ थाना क्षेत्र के मननडीह गांव की है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
विश्वकर्मा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा
7 बच्चियों की मौत हुई
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात गांव में विश्वकर्मा पूजा संपन्न होने के बाद गांव के लोग करम डाली को विसर्जित करने के लिए तालाब गए थे। तालाब में नहाने के दौरान सात बच्चियां गहरे पानी में चली गईं। महिलाओं ने हल्ला किया तो आसपास के कुछ लोगों ने तालाब में कूदकर बच्चियों को बाहर निकाला।
डूबने से तीन बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन चार बच्चियों को अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। बच्चियों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना पर उपायुक्त लातेहार अबु इमरान ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनकी तरफ से इस घटना के जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। लातेहार डीसी ने मामले का संज्ञान ले लिया है और आगे की जांच की जा रही है। वैसे जानकारी ये भी मिली है कि सात मृतकों में तीन मृतका आपस में बहन हैं, ऐसे में एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई है। जिन 7 बच्चियों की मौत हुई है, उनके नाम- रेखा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, रीना कुमारी, मीना कुमारी, पिंकी कुमारी, सुषमा कुमारी और सुनीता कुमारी है।
सीएम हेमंत सोरेन ने भी इस घटना पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि लातेहार जिले के शेरेगाड़ा गांव में करम डाली विसर्जन के दौरान 7 बच्चियों की डूबने से हुई मौत की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

