सदर थाना क्षेत्र: बताने पर जान से मारने की धमकी दी,11 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म, नामजद मुकदमा दर्ज
चूरू, @dainikkhabraan। बीकानेर संभाग के चूरू जिले के गांव करजेड़ा में शुक्रवार को 11 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने को लेकर सदर थाने में गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज हुआ।
पुलिस के अनुसार करजेड़ा के एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दी कि वह शुक्रवार को बांटे के खेत पर काम करने चला गया। पत्नी रिश्तेदारी में हुई मौत के कारण सोनियासर गई हुई थी। घर पर 11 वर्षीय पुत्री व आठ वर्षीय बेटा था।
दोपहर को उसकी बेटी खाना बना रही थी, बेटा नहाने गया हुआ था। इसी दौरान गांव का कैलाश पुत्र रामेश्वरलाल जाट घर आया और उसकी बेटी को एक कमरे ले जाकर दुष्कर्म किया।
बचाव में बच्ची ने आरोपी के हाथ पर दांत से काटा भी, लेकिन दरिंदे ने छोड़ा नहीं। आरोपी ने इस बारे में किसी को भी बताने पर बेटी को जान से मारने की धमकी दी।
शाम को पत्नी आई तो बेटी ने रोते हुए घटना बताई। वह बेटी व परिवार के साथ सांडवा थाने पहुंचा, जहां पर एसएचओ ने बच्ची का मेडिकल करवाकर सुजानगढ़ सदर थाने में भेज दिया।
सदर थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस शनिवार सुबह करजेड़ा पहुंची। एएसआई तनसुख राम ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें भेजी गई हैं।

