महिला कॉन्स्टेबल को धमकी : लड़की की फेक आईडी बनाने के केस के आरोपी ने फोन कर धमकाया…..

जयपुर पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

महिला कॉन्स्टेबल को धमकी : लड़की की फेक आईडी बनाने के केस के आरोपी ने फोन कर धमकाया।

जयपुर, @dainikkhabraan। जयपुर पुलिस की एक महिला कॉन्स्टेबल और उसके पति को जान से मारने की धमकी मिली है। इसके बाद कॉन्स्टेबल ने करधनी थाने में सोमवार को केस दर्ज करवाया। जांच सब इंस्पेक्टर मोतीलाल को सौंपी गई है।

महिला कॉन्स्टेबल करधनी थाने में ही पदस्थ है। उसने पुलिस को शिकायत में बताया कि एक युवती ने सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर अभद्रता करने का केस दर्ज करवाया था। उसने सुनील ढाका नाम के युवक पर आरोप लगाया था।

इस शिकायत की जांच महिला कॉन्स्टेबल को सौंपी गई थी। उसने युवती की शिकायत में नामजद आरोपी सुनील ढाका से पूछताछ के लिए उसके मोबाइल नंबरों पर फोन कर संपर्क किया। तब सुनील ढाका ने बताया कि वह विशाखपट्नम में है। वह पूछताछ के लिए पेश नहीं हुआ। तब सुनील ढाका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

आरोपी के घर दबिश दी तो जान से मारने की धमकियों से भरे कॉल किए
पुलिस को सुनील ढाका के सीकर वाले घर में होने का इनपुट मिला तो तीन दिन पहले करधनी पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आया।

सुनील ढाका ने महिला कॉन्स्टेबल के मोबाइल नंबर पर 17 अक्टूबर को देर रात 11 बजे फोन किया। फोन कॉन्स्टेबल के पति ने रिसीव किया। उसने गाली गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपी ने वॉट्सऐप पर भी कॉल किए, लेकिन कॉन्स्टेबल के पति ने फोन अटेंड नहीं किया। आरोपी ने अश्लील वाइस कॉल रिकॉर्डिंग भेजी।