बूस्टर डोज से पहले सीरो सर्वे शुरू: डब्ल्यूएचओ और जयपुर एसएमएस मिलकर 14 जिलों में कर रहे हैं सीरो सर्वे, 3 हफ्ते में आएगा रिजल्ट…..

चिकित्सा बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन राजस्थान राज्य

बूस्टर डोज से पहले सीरो सर्वे शुरू: डब्ल्यूएचओ और जयपुर एसएमएस मिलकर 14 जिलों में कर रहे हैं सीरो सर्वे, 3 हफ्ते में आएगा रिजल्ट

बीकानेर, @dainikkhabraan। राजस्थान में कोरोना की बूस्टर डोज लगाने से पहले बीकानेर सहित राजस्थान के सातों संभाग मुख्यालयों के 14 जिलों में सीरो सर्वे शुरू हो गया है। वर्ल्ड हैल्थ ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) और एसएमएस हॉस्पिटल के तत्वावधान में किए जा रहे इस सर्वे में लोगों में कोरोना टीका लगाने के बाद एंटीबॉडी की जानकारी जुटाई जाएगी। बीकानेर के शहरी क्षेत्र में गंगाशहर और व्यास कॉलोनी को शामिल किया गया है।

वहीं ग्रामीण क्षेत्र के नोखा और खाजूवाला में सोमवार से ब्लड सैंपल लेने का कार्य शुरू हुआ। सीएमएचओ डॉ. ओपी चाहर ने बताया कि सीरो सर्विलांस के फाइनल रिजल्ट आने में दो-तीन सप्ताह का समय लग सकता है। इसके आधार पर यह तय किया जाएगा कि यहां के लोगों को कोरोना की बूस्टर डोज की जरूरत है या नहीं। उन्होंने बताया कि हैल्थ विशेषज्ञों की राय है कि विभिन्न बीमारियों से ग्रसित और सीनियर सिटीजन को बूस्टर डोज लगानी चाहिए।

प्रत्येक सर्विलांस से सौ नमूने लेंगे
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. लोकेश गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक सर्विलांस से सौ ब्लड सैंपल लिए जाएंगे। इसमें 90 नमूने आम नागरिकों के होंगे, वहीं 5 पेट्रोल पंप में कार्य करने वाले कार्मिक और 5 पुलिस कर्मियों के ब्लड सैंपल लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गुरुवार को सभी नमूनों को जयपुर स्थित एसएमएस हॉस्पिटल में सीरम जांच के लिए भेज दिया जाएगा।

बूस्टर डोज इसलिए जरूरी
फिलहाल राजस्थान की सभी व्यावसायिक गतिविधियों को अनलॉक कर दिया है। जबकि कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। सोमवार तक राजस्थान में कोरोना के एक्टिव केस देखें तो उनकी संख्या 119 है। वहीं पूरे भारत में एक्टिव केस की संख्या करीब एक लाख 18 हजार है। बीकानेर के आर्मी एरिया में रविवार को ही एक आर्मी जवान में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है।

सीएमएचओ टीम के अनुसार आर्मी जवान नागपुर यात्रा कर वापस आर्मी एरिया में लौटा था। सीएमएचओ डॉ. ओपी चाहर ने बताया कि कोरोना का पहला टीका लगने के बाद अधिकतर लोगों में एंटीबॉडी बन जाती है। लेकिन कुछ मामलों में दूसरी डोज लगने के बाद भी एंटीबॉडी कमजोर रहती है। ऐसे में बूस्टर डोज लगाने की आवश्यकता होगी या नहीं यह तो सीरो सर्वे की पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही कहा जा सकता है।

चाहर ने बताया कि बीकानेर सहित अजमेर, टोंक, भरतपुर, करौली, हनुमानगढ़, जयपुर, दौसा, जोधपुर, जालोर, कोटा बूंदी, उदयपुर तथा प्रतापगढ़ में सीरो सर्वे शुरू हो चुके हैंं। उल्लेखनीय है कि दुनिया के 36 देशों में कोरोना की बूस्टर डोज लगाई जा रही है।