
2.52 लाख के बदले 5 लाख लौटाए, फिर भी गहने नहीं मिले, मिली जान से मारने की धमकी-व्यापारी पहुंचा कोर्ट
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर में एक व्यापारी के गहने हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सोनगिरी कुंआ, धोबियों का मोहल्ला निवासी संजय कुमार सोनी ने अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-1, बीकानेर की अदालत में इस्तगासा पेश किया है।
परिवादी संजय कुमार सोनी ने अदालत में प्रस्तुत इस्तगासे में बताया कि वह सोने की घड़ाई व आभूषण विक्रय का कार्य करता है और उसकी दुकान उसके निवास स्थान पर ही स्थित है। वर्ष 2022 में व्यवसायिक आवश्यकता के चलते उसे पैसों की जरूरत पड़ी। इस पर उसने अपने परिचित घनश्याम सोनी को अपनी परेशानी बताई। घनश्याम ने उसे पुरानी गिनाणी निवासी शिव मोदी से मिलवाया, जो स्वर्ण आभूषण सिक्योरिटी के रूप में रखकर ब्याज पर पैसे देने का काम करता है।
इस्तगासे के अनुसार, शिव मोदी ने 3 रुपये सैंकड़ा की दर से ब्याज पर रुपये देने की सहमति दी और प्रार्थी के गहनों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी। इसके बाद 8 मई 2022 को शिव मोदी 2 लाख 52 हजार रुपये नकद लेकर संजय सोनी की दुकान पर आया। उस समय घनश्याम सोनी की मौजूदगी में संजय सोनी ने सोने की चैन, टॉप्स, गलसरी, अंगूठियां, कान की जोड़ियां और अन्य आभूषण कुल मिलाकर कई गहने शिव मोदी को सुरक्षा के तौर पर सौंप दिए। तय हुआ कि मूल रकम व ब्याज लौटाने पर सभी गहने वापस कर दिए जाएंगे।
परिवादी का आरोप है कि उसने समय-समय पर किश्तों में पूरी मूल राशि और ब्याज अदा कर दिया। 8 सितंबर 2025 को अंतिम किश्त के रूप में 25 हजार रुपये देने के बाद जब उसने अपने गहनों की मांग की तो शिव मोदी ने जल्द ही गहने लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में टालमटोल करने लगा।
आरोप है कि 2 दिसंबर 2025 को जब परिवादी अपने परिचित के साथ गहनों के लिए गया तो शिव मोदी ने कथित रूप से कहा कि सोने के दाम बढ़ने के कारण उसने गहने बेच दिए और पैसे सट्टे के कारोबार में लगा दिए। साथ ही दोबारा गहनों की मांग करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
परिवादी का कहना है कि उसने 2 लाख 52 हजार रुपये की उधारी के बदले ब्याज सहित करीब 5 लाख रुपये चुका दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसके गहने हड़प लिए।
इस मामले में संजय सोनी ने पहले नयाशहर थाने में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर 3 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक बीकानेर को भी लिखित शिकायत भेजी। आरोप है कि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी के चलते परिवादी ने अदालत में इस्तगासा पेश कर थाना नयाशहर पुलिस को मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के आदेश देने की मांग की है।

