
बीकानेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस टीमें मौक़े पर..
दैनिक खबरां। बीकानेर से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार बीकानेर कोर्ट परिसर को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरा मेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया तथा सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। सुरक्षा के मद्देनज़र परिसर में आने-जाने वालों पर रोक लगा दी गई है और पूरे क्षेत्र में सघन जांच की जा रही है।
मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएसपी) चक्रवर्ती राठौड़ भी पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने सभी अधिवक्ताओं, पक्षकारों और न्यायिक कर्मचारियों को तत्काल कोर्ट परिसर खाली करने की सूचना दी।
अजय पुरोहित ने अधिवक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग तुरंत अदालत परिसर से बाहर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। साथ ही जो अधिवक्ता अभी तक अदालत नहीं पहुंचे हैं, वे फिलहाल अपने घरों पर ही सुरक्षित रहें।
धमकी के बाद पूरे कोर्ट परिसर में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जांच की जा रही है और स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

