
शादी का झांसा देकर 14 लाख की ठगी, रेप केस में फंसाने की धमकी, कोटगेट थाने में बड़ा ब्लैकमेलिंग कांड दर्ज
Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। कोटगेट थाना में आईजी कार्यालय के जरिए एक सनसनीखेज ब्लैकमेलिंग और ठगी का मामला दर्ज किया गया है, जिसने शहर में हड़कंप मचा दिया है। परिवादी जितेन्द्र कुमार एडवोकेट पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी मोहन क्वार्टर, रानी बाजार, बीकानेर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उनके पुत्र को कॉलेज में साथ पढ़ने वाली युवती दीक्षा चौधरी ने पहले दोस्ती के जाल में फंसाया, फिर अपने परिवार से मिलवाकर सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र रचा। शिकायत के अनुसार, विवाह का झांसा देकर आरोपियों ने उनके पुत्र से घर में रखे 14 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए तथा सोने-चांदी के कीमती जेवर भी हड़प लिए। इसके बाद भी आरोपियों का लालच नहीं थमा और उन्होंने बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाकर समाज में बदनाम करने की धमकी देते हुए अतिरिक्त 9 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। प्रकरण में दीक्षा चौधरी, अनिता ज्याणी, राकेश ज्याणी, गिरधारीलाल ज्याणी और सुमन ज्याणी को आरोपी बनाया गया है, जो दादा-पोता पार्क, भीमनगर, मुक्ताप्रसाद नगर, बीकानेर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लेन-देन, धमकियों और षड्यंत्र से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है।

