फ्लाइट और ट्रेन से राजस्थान आई सोने की बड़ी खेप, विदेशी यात्री ने पैर में चिपका रखा था सोना, कस्टम विभाग ने धर दबोचा
जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विदेशी यात्री को कस्टम विभाग ने एक किलो सोने के साथ रविवार को गिरफ्तार किया। यात्री मस्कट (ओमान) से फ्लाइट में बैठकर जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा। संदिग्ध लगने पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने उसकी चेकिंग की। चेकिंग के दौरान मोजे के नीचे पैरों पर सोने का पेस्ट चिपका हुआ मिला। जांच में कस्टम विभाग ने 1 किलो का सोना बरामद किया जिसकी बाजार में कीमत 61 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
एक किलो सोना जब्त
कस्टम विभाग ने सोना बरामद कर उसका वजन किया तो सोना एक किलो का निकला। सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के तहत तस्करी के सोने को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। पता लगाने की कोशिश जारी है कि यह सोना कहां से आया, कहां ले जाया जा रहा था, तस्करी के पीछे कौन-कौन शामिल है आदि।
जोधपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री से 4 करोड़ का सोना बरामद
कस्टम विभाग ने रविवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन पर 6 किलो से ज्यादा का सोना बरामद किया था। बाजार में इस 6 किलो सोने की कीमत 4 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। विवेक एक्सप्रेस में सफर कर रहे दो यात्रियों ने गुदा में 6.2 किलो सोना छुपाकर रखा था। फिलहाल दोनों यात्रियों को पकड़ा जा चुका है। कस्टम विभाग की ओर से हुई ये दोनों कारवाई अब तक की सबसे बड़ी कारवाई मानी जा रही है।

