
PBM में दवाओं और अव्यवस्थाओं के सवालों में घिरे चिकित्सा मंत्री खींवसर, बोले- “मीटिंग में करता हूं चर्चा”
बीकानेर,दैनिक खबरां। पीबीएम परिसर में मंगलवार को उस समय दिलचस्प स्थिति बन गई, जब राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर से पत्रकारों ने अस्पताल में जरूरी दवाओं की उपलब्धता और अन्य समस्याओं को लेकर सवाल पूछ लिया। बैठक के लिए सभागार की ओर जा रहे मंत्री खींवसर सवाल सुनकर कुछ पल के लिए झिझक गए और फिर संभलते हुए पास खड़े एसपी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार वर्मा की ओर देखते हुए कहा, “मैं इस मामले में मीटिंग लेता हूं।”
इसके बाद मंत्री खींवसर ने संभाग के सबसे बड़े अस्पताल पीबीएम की व्यवस्थाओं को लेकर एसपी मेडिकल कॉलेज सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को मिलने वाली सेवाओं तथा व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में विधायक जेठानंद व्यास, एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार वर्मा, पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
चिकित्सा मंत्री खींवसर ने कहा कि पीबीएम अस्पताल संभाग का सबसे बड़ा चिकित्सा केंद्र है और यहां आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाए तथा अव्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। साथ ही एसपी मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों एवं जिले के अन्य चिकित्सा संस्थानों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर और सुगम चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों तथा सरकारी अस्पतालों में मरीजों का भरोसा और अधिक मजबूत बने।

