होली के मद्देनजर नयाशहर थाने में CLG बैठक, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील
दैनिक खबरां,बीकानेर। होली पर्व को ध्यान में रखते हुए पुलिस थाना नयाशहर में रविवार को सामुदायिक संपर्क समूह (सीएलजी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाधिकारी कविता पुनिया ने की। इस दौरान थाना क्षेत्र के सीएलजी सदस्य, शांति समिति के सदस्य, सुरक्षा सखी, पुलिस मित्र तथा विभिन्न मोहल्लों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में थानाधिकारी कविता पुनिया ने उपस्थित नागरिकों से होली सहित आगामी त्यौहारों के दौरान क्षेत्र में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और सभी समुदायों से मिल-जुलकर शांति व सद्भावना के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस व आमजन के आपसी सहयोग को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर पुनिया ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या वैमनस्यता फैलाने वाली पोस्ट पर नजर रखें और ऐसे मामलों की तुरंत पुलिस को सूचना दें। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के साथ फोटो अपलोड नहीं करने और उनकी पोस्ट या रील को शेयर करने से बचने की सलाह दी।
बैठक में यातायात नियमों की पालना पर भी जोर दिया गया।
दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने के लिए प्रेरित किया गया तथा यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही नशा मुक्ति अभियान की जानकारी देते हुए समाज से नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में सहयोग की अपील की गई।
थानाधिकारी कविता पुनिया ने महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।

