नयाशहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमडी सहित चार आरोपी गिरफ्तार, हवाला के 9 लाख जब्त

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस

नयाशहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमडी सहित चार आरोपी गिरफ्तार, हवाला के 9 लाख जब्त


Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। पुलिस थाना नयाशहर ने अवैध मादक पदार्थों व संदिग्ध नकदी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 1.93 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ) तथा हवाला से जुड़ी 9 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई है। थानाधिकारी कविता पुनिया के निर्देशन में पुलिस टीम ने 2 फरवरी 2026 को गणेश फील्ड के पास भाटों का बास क्षेत्र में दबिश देकर आवेश खान (22) निवासी नई गजनेर रोड, एम.एस. हॉस्टल के पीछे, भुट्टों का बास को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1.93 ग्राम एमडी बरामद की गई। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


इसी क्रम में कोठारी अस्पताल के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने तीन व्यक्तियों को रोका। तलाशी में उनके पास 500-500 रुपये के 1600 नोट तथा 100-100 रुपये के 1000 नोट मिले, कुल राशि 9 लाख रुपये पाई गई। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर राशि को संदिग्ध मानते हुए धारा 106 बीएनएसएस 2023 के तहत जब्त कर जांच प्रारंभ की गई। इस मामले में रामदयाल (21) निवासी रामसर, विष्णु (20) निवासी चुंगी चौकी भैरुजी मंदिर वाली गली, नयाशहर तथा माणक चंद गोदारा (22) निवासी रूणिया बड़ा बास, नापासर को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो व्यक्तियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें छह माह के लिए पाबंद कर रिहा किया गया।