दैनिक खबरां की खबर का असर: शीतलहर पर कलेक्टर का संज्ञान, कक्षा 8 तक अवकाश, 9 से 12वीं का समय बदला

बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन शिक्षा

दैनिक खबरां की खबर का असर: शीतलहर पर कलेक्टर का संज्ञान, कक्षा 8 तक अवकाश, 9 से 12वीं का समय बदला

बीकानेर,दैनिक खबरां । जिले में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर से स्कूली बच्चों की बिगड़ती स्थिति को लेकर मंगलवार 6 जनवरी को दैनिक खबरां में प्रमुखता से प्रसारित खबर का असर देखने को मिला है। समाचार में उठाए गए सवालों और जनभावनाओं को संज्ञान में लेते हुए जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है।
जिला कलेक्टर द्वारा जारी आदेशों के अनुसार जिले के समस्त राजकीय व गैर-राजकीय विद्यालयों, सीबीएसई स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और मदरसों में कक्षा 8 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए 8 जनवरी से 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक समय में बदलाव करते हुए विद्यालयों का संचालन प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा।


आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 30 के तहत जारी किए गए हैं, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए मान्य होगा। विद्यालयों के शिक्षक एवं कार्मिक नियमित समयानुसार उपस्थित रहेंगे।जिला कलेक्टर ने समस्त संस्था प्रधानों को आदेशों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेशों की अवहेलना करने वाले संस्था प्रधानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


गौरतलब है कि दैनिक खबरां ने बीकानेर में गिरते तापमान, ठिठुरते बच्चों और प्रशासनिक चुप्पी को लेकर सवाल उठाए थे। खबर के प्रकाशित होते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और अंततः बच्चों के हित में निर्णय लिया गया। यह एक बार फिर साबित करता है कि सशक्त पत्रकारिता जनहित की आवाज बनकर प्रशासन तक असरदार तरीके से पहुंचती है।

https://dainikkhabraan.com/children-shiver-in-the-biting-cold-of-bikaner-but-the-collector-seems-oblivious-to-their-plight-the-administration-remains-silent-on-closing-schools/