आज फिर बड़ा रेल हादसा: 36 बोगियां पटरी से उतरीं, रेल यातायात बाधित
दैनिक खबरां न्यूज़। सीकर के श्रीमाधोपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है जंहा न्यू रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। फुलेरा से रेवाड़ी की ओर जा रही एक मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई। हादसे में करीब 36 बोगियां एक-दूसरे पर चढ़ गईं, जिससे रेलवे ट्रैक पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई हैं। बोगियों को ट्रैक से हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। हादसे के कारण इस मार्ग पर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या पटरी के नुकसान को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि कल मंगलवार को बीकानेर जिले के कोलायत इलाके में भी मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए थे, जो ट्रैक से करीब 100 मीटर दूर तक पलट गए थे। लगातार दो दिनों में मालगाड़ियों के पटरी से उतरने की घटनाओं ने रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

