बीकानेर में युवाओं के लिए नया अवसर: ‘विश्वकर्मा युवा औद्योगिक प्रोत्साहन योजना’ शुरू, यंहा करें आवेदन..
दैनिक खबरां,बीकानेर। राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से “विश्वकर्मा युवा औद्योगिक प्रोत्साहन योजना” शुरू की गई है। इस योजना के तहत इच्छुक उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने, विस्तार करने, विविधीकरण या आधुनिकीकरण के लिए वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से ऋण पर अनुदान और ब्याज सब्सिडी दी जाएगी।
योजना के अनुसार 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां आवेदन कर सकेंगे। उद्योग की स्थापना, विस्तार या आधुनिकीकरण पर 25 प्रतिशत या अधिकतम 5 लाख रुपये (जो भी कम हो) तक मार्जिन मनी अनुदान मिलेगा। वहीं, एक करोड़ रुपये तक के ऋण पर 8 प्रतिशत और 1 से 2 करोड़ रुपये के ऋण पर 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान किया गया है।
इसके साथ ही महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग, ग्रामीण क्षेत्र के उद्यमियों, कार्डधारक बेरोजगारों और शिक्षित बेरोजगारों को अतिरिक्त 1 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी मिलेगा।
इच्छुक आवेदक SSO पोर्टल पर लॉगइन कर “विश्वकर्मा युवा औद्योगिक प्रोत्साहन योजना” के ऑनलाइन पोर्टल से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, चौपड़ा कटला, रानी बाजार, बीकानेर से संपर्क किया जा सकता है।

