बीकानेर में फिर बदला मौसम,शाम से झमाझम बारिश,अगले 24 घंटे में तेज बारिश का अलर्ट भी जारी

बीकानेर मौसम

बीकानेर में फिर बदला मौसम,शाम पांच बजे से झमाझम बारिश,अगले 24 घंटे में तेज बारिश का अलर्ट भी जारी

दैनिक खबरां,बीकानेर। सोमवार को दिनभर मौसम का मिजाज बदला-बदला रहा। सुबह हुई तेज बारिश के बाद दोपहर में कुछ देर धूप निकली, लेकिन शाम पांच बजे के करीब फिर से झमाझम बारिश हो गई। शहर में सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। अब देर रात को एक बार फिर बीकानेर में बारिश शुरू हो गई है। आसमान पर घने काले बादलों ने डेरा डाल रखा है और ठंडी हवाओं ने मौसम को और सुहावना बना दिया है।

सुबह तेज बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया था। दोपहर तक कुछ पानी उतर गया, मगर शाम और रात की बारिश ने फिर से सड़कों को तर कर दिया। तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और शहर में ठंडक बढ़ गई है।

किसानों की चिंता बढ़ी
मौसम भले ही शहरवासियों के लिए राहतभरा हो, लेकिन किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। खेतों में खड़ी फसल को अब अतिरिक्त पानी नुकसान पहुंचा सकता है। लूणकरणसर से लेकर बीकानेर के ग्रामीण इलाकों तक कई जगहों पर फसलें बारिश की चपेट में आ गई हैं। किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।

मौसम विभाग ने किया अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बीकानेर सहित पूरे संभाग में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में भी अगले 24 घंटे में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, बिजली के प्लग निकालने और मौसम सामान्य होने तक घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है।