बीकानेर से भेजी गई करेंसी में निकल गए जाली नोट! आरबीआई में मचा हड़कंप, जांच के आदेश

बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन बीकानेर पुलिस राजस्थान

बीकानेर से भेजी गई करेंसी में निकल गए जाली नोट! आरबीआई में मचा हड़कंप, जांच के आदेश

बीकानेर,दैनिक खबरां। बीकानेर से भेजी गई करेंसी में जाली नोटों के पकड़े जाने से बैंकिंग हलकों में हड़कंप मच गया है। जयपुर स्थित भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) के कार्यालय में नोटों की जांच के दौरान ये खुलासा हुआ, जिसके बाद पूरे तंत्र में सनसनी फैल गई।

सूत्रों के मुताबिक, भारतीय स्टेट बैंक (पीपी बीकानेर) की मुद्रा तिजोरी से जनवरी से जून 2025 के बीच भेजे गए नोटों की जांच के दौरान 21 जाली नोट मिले हैं — जिनमें 100 रुपये का 1, 200 रुपये के 7 और 500 रुपये के 13 नोट शामिल हैं।

आरबीआई ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए नोडल पुलिस थाना गांधी नगर, जयपुर (पूर्व) को पत्र भेजकर एफआईआर दर्ज करने और जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद पुलिस थाना गांधी नगर, जयपुर नें जीरो नंबरी FIR बीकानेर के कोटगेट थाने में भिजवाई है।

बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब तिजोरी से भेजी गई करेंसी में जाली नोट मिले हों। अब सवाल यह उठ रहा है कि यह जाली नोट बैंकिंग प्रणाली में कैसे पहुंच गए? क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है? पुलिस और आरबीआई की टीमें अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने में जुटी हैं।