SDM के देर से आने पर भड़कीं विधायक,कहा–कलेक्टर भी इतना इंतजार नहीं करवाते
बीकानेर, दैनिक खबरां। अनूपगढ़ से कांग्रेस विधायक शिमला नायक और घड़साना के उपखंड अधिकारी (SDM) सुनील चौहान के बीच सोमवार को तीखी नोकझोंक हो गई। विधायक किसानों के साथ SDM कार्यालय में मांगपत्र सौंपने पहुंचीं थीं, लेकिन SDM के देर से मिलने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। विधायक शिमला नायक 50-60 किसानों के साथ घड़साना SDM कार्यालय पहुंचीं। किसानों की ओर से रबी की फसल के लिए मार्च तक सिंचाई पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, ऑनलाइन गिरदावरी की शुरुआत करने, डीएपी और यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति कराने तथा स्मार्ट मीटर लगाने के फैसले को वापस लेने जैसी मांगों को लेकर यह ज्ञापन सौंपा जाना था।
SDM के देर से आने पर भड़कीं विधायक
विधायक ने गार्ड के माध्यम से SDM को बाहर बुलाने का संदेश भेजा, लेकिन जब लंबे समय तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह खुद उनके दफ्तर में पहुंच गईं। वहां विधायक ने SDM से सवाल किया कि इतने समय तक बाहर क्यों नहीं आए। इस पर दोनों के बीच करीब तीन मिनट तक कहासुनी हुई।
“कलेक्टर भी इतना इंतजार नहीं करवाते”
विधायक शिमला नायक ने SDM को कहा कि वह आधे घंटे से किसानों के साथ बाहर खड़ी हैं। लोग ज्ञापन सौंपने के लिए इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी समय पर बाहर नहीं आए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “इतना इंतजार तो कलेक्टर भी नहीं करवाते।” आखिरकार बहस के बाद SDM सुनील चौहान बाहर आए और किसानों का ज्ञापन स्वीकार किया।

