बीकानेर: दो मकानों पर चोरों का धावा,लाखों का माल लें उड़े,सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए बाइक सवार दो संदिग्ध
बीकानेर। बीछवाल थाना क्षेत्र की इन्द्रा कॉलोनी में गुरुवार देर रात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर सवार दो युवक करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित मकानों में घुसे। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
पहला मामला ईश्वरसिंह फौजी के मकान का है। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारियों-बक्सों को खंगाल डाला। यहां से करीब पंद्रह हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। वारदात के बाद घर का सामान बुरी तरह बिखरा हुआ था।
इसी दौरान चोर बगल में बने वली मोहम्मद के मकान में भी घुसे, जहां कोचिंग सेंटर संचालित होता है। यहां से चोरों को कोई खास सामान नहीं मिला, लेकिन कमरे अस्त-व्यस्त कर दिए गए।
सुबह जब पड़ोसियों ने टूटे ताले देखे तो मकान मालिकों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर भाजपा नेता भगवानसिंह मेड़तिया भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पीड़ित ईश्वरसिंह ने बताया कि वह 1 सितंबर से अपने परिवार सहित नोखा क्षेत्र के दासनू गांव गया हुआ था और मकान बंद था। बीछवाल थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

