शिक्षा विभाग में एसीबी का ट्रेप: 2 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथो पकड़ा  गया बाबू और दलाल

नागौर पुलिस कार्रवाई

शिक्षा विभाग में एसीबी का ट्रेप: 2 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथो पकड़ा  गया बाबू और दलाल

दैनिक खबरां । नागौर जिला मुख्यालय स्थित शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने एक बाबू और उसके दलाल को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है । एसीबी ने प्रारंभिक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सहायक प्रशासनिक अधिकारी उम्मेद सिंह को उसके दलाल शुभम गहलोत के जरिए परिवादी से 2 हजार रुपए लेते गिरफ्तार किया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की एएसपी कल्पना सोलंकी ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी 18 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर एसीपी (चयनित वेतनमान) के आदेश करवाने की एवज में एएओ उम्मेद सिंह ने 2 हजार रुपए रिश्वत राशि मांग कर परेशान कर रहा है।परिवादी ने जब एसीबी में शिकायत देकर रिश्वत की हामी भरी तो एएओ उम्मेद सिंह ने रिश्वत की रकम कार्यालय के पास ही चाय वाले शुभम गहलोत को देने की बात कही‌। इस पर परिवादी ने एसीबी को पूरे प्रकरण की जानकारी दी।

एसीबी अजमेर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक रणधीर सिंह के सुपरविजन में एसीबी नागौर की एएसपी कल्पना सोलंकी ने शिकायत का सत्यापन किया। इसके बाद पूरी तैयारी के साथ एएसपी सोलंकी ने टीम के साथ ट्रेप की कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों उम्मेद सिंह व शुभम गहलोत को परिवादी से 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर‌ लिया।आरोपियों से पूछताछ व अन्य कार्रवाई जारी है। एसीबी ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान के‌ लिए पंजीबद्ध किया है।